इटावा। आसमान से आग सी बरसाती धूप ने बुधवार को लोगों को बिलबिला कर रख दिया। दोपहर के वक्त सबसे अधिक 45 डिग्री सेल्सियस तापमान ने लोगों को घर में दुबकने को मजबूर कर दिया। सड़क पर राहगीरों को पेड़ों की छाव में गर्मी की दुहाई देते देखा गया। मौसम विभाग ने बीते दस सालों में मई माह का सबसे गर्म दिन बताया है।
मई माह में बुधवार का दिन सर्वाधिक गरम रहा। सुबह से ही धूप ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। सुबह करीब 8.30 बजे ही तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दिन चढ़ने के साथ तापमान भी चढ़ता गया। दोपहर एक बजे से शाम 4 बजे तक 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास घूमता रहा। शाम 5.30 बजे तापमान में कुछ गिरावट आई और यह 43.2 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। दिन को चिलचिलाती गर्मी से हर कोई व्याकुल दिखा। दोपहिया वाहनों पर आमतौर से लोग सिर को ढके हुए नजर आए। कचहरी में भी वट वृक्ष के नीचे रोज की अपेक्षा कहीं अधिक भीड़ रही। दोपहर के दौरान सड़कें ऐसी सूनी दिखीं जैसे कर्फ्यू लगा हो। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मई में ऐसे हालात हैं तो ये तापमान जून में 50 डिग्री तक पहुंच सकता है। वैसे भी बीते 10 साल में मई माह में इतना तापमान नहीं रहा है। यदि तापमान और अधिक बढ़ता है तो यह कई रिकार्ड तोड़ेगा।