इटावा। रिटायर्ड अपर जिला कृषि अधिकारी पर बसरेहर निवासी एक युवक ने नौकरी दिलाने के नाम पर ढाई लाख रुपए हड़पने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस मामले में तत्कालीन किसान सहायक को भी नामजद किया गया है। पुलिस छानबीन में जुट गई है।
ग्राम पत्तापुरा थाना बसरेहर निवासी राजेश कुमार पुत्र रामनरेश का आरोप है कि कुछ साल पहले उसे जानकारी हुई कि कृषि विभाग में कुछ रिक्तियां हैं। अपनी नौकरी के लिए उसने अपर जिला कृषि अधिकारी जगन्नाथ निवासी मोती कुंज, मथुरा से संपर्क साधा। इधर, किसान सहायक राजेंद्र पुत्र सुखराम निवासी कृषि विभाग कालोनी से मिला। नौकरी के लिए उक्त लोगों ने उससे ढाई लाख रुपए की मांग की। उसने रुपए उन्हें दे दिए। काफी समय तक कोई कार्यवाही न होते देख उसने उक्त लोगों से संपर्क साधा तो उसे थोड़े दिन रुकने को कहा गया। बाद में जगन्नाथ रिटायर हो गए तो उसे मामला गड़बड़ लगा। उसने तगादा किया तो उन्होंने रुपए देने से मना कर दिया।
राजेश की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बसरेहर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। रिटायर्ड अपर कृषि अधिकारी मथुरा में रहते हैं। जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी।