चित्रकूट। भारतीय किसान यूनियन की जिला इकाई ने मप्र सरकार पर किसानों के उत्पीड़न का आरोप लगाया है। यूनियन के लोगों ने राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश सिंह टिकैत और अन्य किसानों की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को भाजपा कार्यालय के समक्ष धरना दिया। भाजपा जिला संयोजक रंजना उपाध्याय को पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी के नाम ज्ञापन सौंपा। भाकियू ने कहा कि अगर शीघ्र ही राकेश और अन्य किसान नेताओं को ससम्मान रिहा नहीं किया गया तो यूनियन राष्ट्रव्यापी आंदोलन करेगी।
भाकियू ने आरोप लगाया कि भाजपा किसानों, गरीबों, मजदूरों और गांवों के लोगों की हित की बड़ी-बड़ी बातें करती है पर इसकी सरकारें भी किसानों के उत्पीड़न में पीछे नहीं। मप्र सरकार पर खनिज व वन संपदा के संरक्षण में विफल रहने की भी बात कही गई। वक्ताओं का यह भी कहना था कि मप्र सरकार जबरिया भूमि अधिग्रहण कर किसानों को तबाह कर रही है। किसानों ने संगठन हक मांगने का प्रयास किया तो लाठीचार्ज किया गया और किसानों को जेल की हवा खानी पड़ी। जिलाध्यक्ष रामसिंह पटेल ने बताया कि राकेश सिंह टिकैत समस्या के निराकरण के लिए सरकार से बातचीत के लिए जा रहे थे पर उनको अनूपपुर के पास ही गिरफ्तार कर लिया गया। इनके साथ ही जिलाध्यक्ष लखनऊ और कई अन्य पदाधिकारी भी गिरफ्तार किए गए हैं।