राजापुर (चित्रकूट)। कस्बे से सटे एक गांव महुआ में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला का शव घर से बरामद हुआ। राजापुर पुलिस के अनुसार महिला बीमारी से मरी है, फिर भी पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
सुखरनियां (52)पत्नी छोटे लाल निवासी महुआ मजरा उत्तमपुर की उसके घर में सुबह साढे़ सात बजे अस्त व्यस्त शव बरामद हुआ। महिला के देवर राम अभिलाष ने बताया कि वह बच्चों को लेकर सुबह मिट्टी लेने गया था। जब वह मिट्टी लेकर घर लौटा तो उसकी भाभी मृत अवस्था में पड़ी थी जिसके मुंह से खून व गले में हल्का निशान था। सुखरनियां के तीन लड़कियां व छह लड़के हैं और उसे मायके बेरांव में 16 बीघा जमीन मिली है। घटना को इस क ड़ी से भी जोड़कर देखा जा रहा है क्योंकि पति कभी-कभी वह जमीन बेचने की बात भी करता था। घटना के बाद पति मौके पर नजर नही आया। मौके पर पहुंचे एसओ कुंदन सिंह ने बताया कि परिजन महिला को टीबी बता रहे हैं, लेकिन उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई पता चलेगी कि उसकी मौत बीमारी से हुई अथवा उसकी हत्या की गई है।