चित्रकूट। जानकीकुंड अस्पताल के पास एक दवा व्यवसायी के साथ मंगलवार की रात कर्वी में पुल के पास टप्पेबाजी हो गई। उसकी कार के आगे एक लुटेरे ने बाइक लहराकर रोकी। व्यापारी ने जब कार रोक दी तो आसपास से लगभग छह लोग आ गए। उसकी पिटाई कर बदमाश लगभग 35 हजार रुपए और मोबाइल लेकर फरार हो गए। उसकी कार को भी नुकसान पहुंचाया। उसने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी है।
सिविल लाइंस निवासी अभिषेक पहारिया पुत्र श्रीकुमार पहारिया ने बताया कि मंगलवार की रात लगभग साढ़े दस बजे वह जानकीकुंड अस्पताल की दुकान से घर लौट रहा था। उसके साथ चालक शमीम और मुनीम भी था। उसकी कार जैसे ही हाइवे पर पयस्वनी पुल के पास पहुंची अचानक सामने से एक बाइक सवार आ धमका। उसके पीछे एक लड़की बैठी थी। उसने बताया कि सवार बाइक लहरा रहा था। अचानक कार के सामने आने की वजह से जैसे ही चालक ने कार रोकी, आसपास से लगभग छह लोग आ धमके। इन लोगों ने उसको वाहन से निकालकर मारना पीटना शुरू कर दिया। साथ ही दुकान की बिक्री का लगभग 35 हजार रुपए और मोबाइल छीन ली। बताया कि इन लोगों ने उसकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उसने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल अजीत कुमार सिंह ने कहा है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।