चित्रकूट। कछारपुरवा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में गोष्ठी कर अध्यापिकाओं ने ग्रामीण महिलाओं को उनके अधिकार एवं कर्तव्यों की जानकारी दी। प्राथमिक विद्यालय कसहाई में भी माताओं को अपने बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने की सलाह दी।
कछारपुरवा जूनियर हाई स्कूल में शिक्षिका मीरा गुप्ता ने कहा कि माताओं को उनके अधिकार और कर्तव्य की जानकारी होने से ही स्वस्थ समाज का निर्माण होगा। प्रधानाध्यापक मुन्नालाल यादव ने कहा कि बच्चों का भविष्य बनाने में शिक्षकों से ज्यादा माता-पिता की भूमिका होती है। शिक्षिका रचना यादव ने भी माताओं को उपयोगी जानकारी दी। कसहाई के प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापिका सरला सिंह ने कहा कि माताओं को अपने दायित्वों को निर्वाह करते हुए बच्चों को सजा संवारकर भेजना चाहिए। कार्यक्रम में मातृत्व दिवस के अवसर पर अभिभावक संघ का गठन किया गया। कार्यक्रम में सरला सिंह, रुचि गोस्वामी और माया देवी ने बच्चों को गर्मी में भी पढ़ाई करने की सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन उप्र प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष अश्विनी कुमार सिंह ने किया।