मानिकपुर (चित्रकूट)। शराबी पति की मारपीट से आजिज महिला ने तीन साल पहले एक अन्य व्यक्ति का हाथ थाम लिया था। महिला का आरोप है कि दूसरे पति का पिता अब उसे धमकी दे रहा है। इतना ही नहीं उसने अपने बेटे को गायब भी कर दिया है। उसने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है।
पुलिस अधीक्षक को भेजे पत्र में मानिकपुर निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी पंद्रह साल पहले बहिलपुरवा के छोटा पुत्र बाबूलाल से हुई थी, जिससे उसे तीन लड़के और एक लड़की है। उसका कहना है कि छोटा शराब पीता था और जुआं खेलता था। इसी लत में उसने सारी जमीन बेच दी, जिससे खाने के लाले पड़ने लगे। बाद में उसको घर से निकाल कर संबंध विच्छेद कर लिया। वह किसी तरह मेहनत मजदूरी कर अपना और बच्चों का पेट पालने लगी। तीन साल पहले उसकी भेंट शास्त्री नगर के एक युवक से हुई। उसे पत्नी बनाने का प्रस्ताव रखा तो वह मान गई। अब वे लोग भैरमपुरवा में मकान बनाकर रह रहे हैं। 14 मई को युवक का पिता उसके घर आया। साथ में तीन और लोग भी थे। इन लोगों ने उसे गालियां और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उसके पति को लेकर चले गए। आरोप लगाया कि वह उसकी और उसके पति की हत्या करा सकता है। उसने रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।