चित्रकूट। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक भैरो प्रसाद मिश्रा ने जमुनिहाई गांव में बलखड़िया गैंग द्वारा दो सगे भाइयों की हत्या की निंदा की है। उनका कहना है कि सत्ता बदलते ही अराजक तत्वों की धमाचौकड़ी बढ़ गई है।
पूर्व विधायक ने कहा कि प्रदेश में सत्ता बदलते ही मांद में छिपे दस्यु दल और अपराधी बाहर निकलकर भय और आतंक का माहौल बनाने लगे हैं। अपराधियों का हौसला बढ़ने का ही नतीजा है जमुनिहाई में दो लोगों की हत्या। इसके अलावा पिछले दिनों एक इलेक्ट्रानिक्स की दुकान पर कुछ अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ की और वहां कर्मचारियों से मारपीट भी की। कोतवाली कर्वी के पीछे एक गरीब परिवार का घर भी गिरा दिया गया। उन्होंने कहा कि दस्यु दलों और अराजक तत्वों को राजनैतिक संरक्षण से ही क्षेत्र में भय का वातावरण है। सत्ता में आने के लिए सपा ने जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने में प्रदेश सरकार विफल है। वादे के मुताबिक न तो किसानों का कर्ज माफ हुआ और न बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता मिलता दिख रहा है।