मऊ (चित्रकूट)। बीती रात चोरों ने एक घर से लगभग दो लाख का माल पार कर दिया। पीड़ित ने इसकी तहरीर थाने में दी है। इलाके में बढ़ रही चोरी की वारदात से लोग दहशत में हैं।
पिपरौंद थाना मऊ निवासी शिवाकांत पुत्र संतोष कुमार पांडे बुधवार की रात सपरिवार घर के आंगन में सो रहे थे। आधी रात के समय चोर बाउंड्री पार कर घर में घुस आए। चोर कमरे से एक अटैची, दो बैग तथा अन्य सामान ले गए। सुबह जब घरवालों की नींद खुली तो देखा सामान बिखरा पड़ा था। यह देख उनके होश उड़ गए। घर के सामान की खोज की तो अटैची और बैग गायब थे। बाद में घर से लगभग दो सौ मीटर की दूरी पर खाली अटैची, बैग मिले। शिवाकांत का कहना है कि चोर उसका लगभग दो लाख का सामान ले गए हैं। चोरी गए सामान में दो तोला की सोने की जंजीर, एक जोड़ी टाप्स, ढाई ग्राम की माला, बेसर, बिछुआ, चेनपट्टी के साथ पांच सौ रुपए भी हैं। उसने थाने में चोरी की तहरीर दी है।
मायके आई बहन का भी सामान चोरी
शिवाकांत ने बताया कि उसकी बहन सोनू देवी का ससुराल पास के गांव नेउरा में है। वह भी इन दिनों उसके यहां आई हुई है। चोर उसके भी गहने उठा ले गए। इसके अलावा मां भोला देवी के गहनों चोरी हो गए। इलाके में बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोग दहशत में हैं। लभेट गांव में रमाशंकर प्रधान के भाई और दभवां में सूरजभान के यहां भी चोर लाखों सामान चुरा ले गए थे। पुलिस किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है।