चित्रकूट। जिला बार एसोसिएशन की बैठक में सोमवार को तय किया गया कि जिला पंचायत सदस्य शिवशंकर सिंह के कथित अपहरण के संबंध में अब तक की कार्रवाई की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों से ली जाएगी। इसके बाद इसकी समीक्षा के लिए 1 फरवरी को फिर बैठक होगी। जरूरत पड़ी तो अधिकारियों और नेताओं से मिलने प्रतिनिधिमंडल लखनऊ भी भेजा जाएगा। 1 फरवरी तक जिला बार एसोसिएशन कर्वी की हड़ताल जारी रहेगी।
जिला बार एसोसिएशन के सचिव संजय करवरिया ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एक डेलीगेशन कमेटी, जिसमें सुरेश तिवारी, जगजीत सिंह, केजी गुप्ता, हर्षवीर सिंह, संतोष मिश्रा, जागेश्वर मिश्रा, राजेश सिंह चौहान होंगे, जिले के प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर इस मामले में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी लेंगे। साथ ही इसकी जानकारी एसोसिएशन को देंगे। 1 फरवरी को इसके लिए समीक्षा बैठक की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर एक प्रतिनिधिमंडल लखनऊ भेजा जाएगा। तब तक हड़ताल जारी रहेगी। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष संतराम त्रिपाठी ने की। बैठक में अनूप गुप्ता, अर्जुन शुक्ला, अरविंद शुक्ला, अशोक शुक्ला, संतोषा मिश्रा, हर्षवीर सिंह, सुरेश तिवारी, राजेश सिंह, नीरू गुप्ता, दमयंती गुप्ता, जगजीत सिंह, अनिल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।