धीना। कंदवा थाना क्षेत्र के अमड़ा गांव स्थित मोबाइल टावर में शुक्रवार की सुबह शार्ट सर्किट से धमाके के बाद आग लग गई। आग से शेल्टर रूम पूरी तरह खाक हो गया। इससे लगभग 25 लाख रुपये की क्षति का अनुमान है। घटना की जानकारी ग्रामीणों को उस वक्त हुई जब वे सुबह सो कर उठे, हालांकि तब तक सबकुछ जलकर स्वाहा हो गया था। अगलगी की सूचना फायर ब्रिगेड सहित स्थानीय थाना एवं विभागीय अधिकारियों को दे दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारियों ने क्षति का जायजा लिया।
अमड़ा गांव में टाटा डोकोमो, आइडिया एवं यूनिनार का संयुक्त रूप से एक ही टावर है। इसके संचालन की जिम्मेदारी टेकभनीशियन है तथा उसके जिम्मे लगभग दर्जन भर टावर हैं। इससे टेम्परेरी कर्मचारी रखकर काम चलाया जाता है। शुक्रवार के तड़के बिजली कटने के बाद उक्त कर्मचारी द्वारा जेनरेटर चलाया गया। जनरेटर चलते ही अचानक शेल्टर रूम से धुआं उठने लगा। अभी कर्मचारी कुछ समझ पाते तब तक तेज धमाके के साथ शेल्टर रूम जलने लगा। घटना की जानकारी होते ही प्लाट ओनर शिवकांत सिंह और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे तब तक सब कुछ स्वाहा हो चुका था। शिवकांत सिंह के अनुसार शेल्टर रूम की एसी मशीन पावर प्लांट, बैट्री बैंक, डीटीएस एवं पांच टॉवरों का लिंक सहित शेल्टर रूम में रखे सारे समान जलकर समाप्त हो गए। इस आगलगी में लगभग 25 लाख रुपये की क्षति का अनुमान है। टावर के टेकभनीशियन सुभाष द्वारा कंदवा थाना एवं फायर ब्रिगेड को आग लगी की जानकारी दी गई। टेकभनीशियन की सूचना पर आइडिया एवं यूनिनार के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए तथा क्षति का आंकलन करने में जुटे रहे। टावर के जलने से आइडिया, यूनिनार एवं टाटा डोकोमो के मोबाइल उपभोक्ताओं की सेवा ठप हो गई हैं।