चंदौली। खा गई राशन पी गई तेल, यह देखो सोनियां का खेल...। जब से कांग्रेस आई है कमर तोड़ महंगाई है...। कांग्रेस का है इतिहास महंगाई और भ्रष्टाचार में है विश्वास। पेट्रोल मूल्य वृद्धि के विरोध में भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व के भारत बंद के आह्वान पर कुछ ऐसे ही नारों के साथ भाजपाइयों ने केंद्र सरकार के खिलाफ भड़ास निकालते हुए अपना विरोध जताया। गुरुवार को नगर का भ्रमण करते हुए कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला फूंका।
इसके पूर्व सभा को संबोधित करते हुए जिला संयोजक सर्वेश कुशवाहा ने कहा कि केन्द्र सरकार आमजन विरोधी है। ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। सरकार आमजन को भूखों मारने के लिए पूरी तरह आमादा दिखाई पड़ रही है। ऐसी निकम्मी सरकार के खिलाफ व्यापारी तब तक संघर्ष करते रहेंगे जब तक ये सत्ता से हट नहीं जाते। पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि पेट्रोल के दाम बढ़ाने के बाद डीजल, रसोई गैस के वृद्धि के बारे में भी सोच रही है। पार्टी इसका पुरजोर विरोध करते हुए इसके खिलाफ जनांदोलन छेड़ेगी। पूर्व जिलाध्यक्ष राणा सिंह ने कहा कि पेट्रोल के बढ़े दामों को सरकार वापस ले। इस अवसर पर साधना सिंह, शिवशंकर पटेल, शशिशंकर सिंह, प्रमोद सिंह, शिवराज सिंह, रमेश सोनकर, नरेंद्र सिंह, बबलू यादव, विजय मौर्या, संतोष कश्यप, पंकज गुप्ता, विकास सिंह आदि उपस्थित रहे।