चंदौली। भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग लड़ रहे अन्ना टीम को आज भी लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। टीम पर नागपुर में हुए हमले के विरोध में इंडिया अगेंस्ट करप्शन जिला इकाई के तत्वावधान में शुक्रवार को सदर तहसील परिसर के पंडित कमला पति त्रिपाठी पार्क में सदस्यों संग जिले के संभ्रांत लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। अंत में जुलूस निकालकर डीएम कार्यालय पहुंचे लोगों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा।
इस अवसर पर पूर्व सिविल बार अध्यक्ष मुरलीधर सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र के नागपुर में जिस तरह से टीम अन्ना पर हमला किया गया वह लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है। केंद्र सरकार द्वारा जिस तरह से समाजसेवी अन्ना हजारे द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे मुहिम को दबाया जा रहा है वह भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाला है। अशोक सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार जन लोकपाल बिल पर दोहरी नीति अपना रही है। इसको सरकार पास न करके देश की जनता को धोखा दे रही है। इस सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। संतोष सिंह ने कहा कि एक बात तो साफ हो चुकी है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरा देश अन्ना हजारे के साथ है। अब अन्ना की चलाई जा रही मुहिम में सभी लोग शामिल होंगे। इस दौरान अन्ना टीम के सदस्यों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी किया और कार्यालयों में दस से बारह बजे बैठने के प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद भी अधिकारियों के नहीं आने पर नाराजगी जताई। इस अवसर पर डा. शैलेश श्रीवास्तव, एसएन सिंह, एसएन गुप्ता, सौरभ सिंह, जमुना सैनी, संजय कुमार, रंजय पांडेय, हरिश्चंद्र, गड़ासा गुरू, जमुना सिंह, फेकन मौर्या, संजय अग्रहरी, इम्तियाज अहमद, हेमराज सिंह, आरपी सिंह, उपेंद्र मौर्या, अनिल कुमार,शिवानंद शर्मा आदि उपस्थित रहे। संचालन सूर्यनाथ सिंह ने किया।