चंदौली। नगर स्थित शास्त्री नगर निवासी साधन सहकारी समिति के सचिव राजेंद्र प्रताप सिंह के घर बीती रात आधा दर्जन की संख्या में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने जमकर लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने घर के सदस्यों और किराएदार संजय सिंह को लोहे की राड से मारकर घायल करने के साथ ही दो महिलाओं से सोने की चेन कान के टप्स और नगदी सहित ढाई लाख के सामान लेकर भाग निकले। भुक्तभोगी ने कोतवाली में तहरीर दर्ज करा दी है। सदर कोतवाल ने बताया कि मामला चोरी का है।
जानकारी के अनुसार कम्हरियां स्थित साधन सहकारी समिति में तैनात राजेंद्र सिंह नगर का कैली रोड स्थित शास्त्री नगर में मकान है। बीती रात घर के सदस्य बिजली आने का इंतजार करते हुए रात लगभग एक बजे तक सो गए। इसी बीच लगभग दो बजे आधा दर्जन की संख्या में बदमाश छत पर चढ़कर सीढ़ी के रास्ते नीचे चले गए और दो कमरों का ताला चटकाकर उसमें रखे आलमारी और बक्सों को तोड़कर नगदी समेत लगभग ढाई लाख के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। भुक्तभोगी के अनुसार बदमाश दोबारा छतपर पहुंचे और गहरी नींद में सो रही राजेंद्र की पत्नी जामवंती देवी के कान का टप्स और किराएदार संजय सिंह की पत्नी सरिता सिंह के गले से चेन नोंचने लगे नींद खुलने पर महिलाओं और पुरुषों ने विरोध किया और हाथापाई भी की। इस दौरान बदमाशों ने संजय सिंह को लोहे की राड से पीटकर घायल कर दिया। लगभग एक घंटे लूटपाट करने के बाद बदमाश छत से कूदकर भाग निकले। भुक्तभोगी ने बृहस्पतिवार को सदर कोतवाली में तहरीर दे दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना भी किया। इस संबंध में सदर कोतवाल आरपी यादव ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला चोरी का लगता है। चोरों का घर वालों ने विरोध किया और दोनों तरफ से हाथापाई हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।