घटना से नाराज हंस विहार कॉलोनी के लोगों ने किया हंगामा
बुलंदशहर। हंसविहार कॉलोनी में मंगलवार रात घरों के बाहर खड़ी छह गाड़ियों के शीशे शरारती तत्वों द्वारा तोड़ने से हड़कंप मच गया। सुबह लोगों ने देखा तो अवाक रह गए। इस घटना को लेकर नाराज कॉलोनीवासियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कोतवाली प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि यह चोरों के बजाय किसी शरारती तत्व का काम है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।
हंसविहार कॉलोनी निवासी अंकित पीस पार्टी के युवा जिलाध्यक्ष है। मंगलवार रात करीब दो बजे उन्होंने अपनी सफारी गाड़ी घर के बाहर खड़ी कर दी। बुधवार सुबह करीब पांच बजे उन्होंने देखा उनकी गाड़ी के शीशे टूटे हुए थे। उन्होंने देखा पड़ोस में रहने वाले पप्पन शर्मा, सतीश कुमार, वीरेश समेत छह लोगों की कारों के शीशे टूटे हैं। इस उन्होंने तत्काल इस घटना की जानकारी पड़ोसियों को दी। घटना को लेकर कॉलोनी मे अफरातफरी मच गई। मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने गाड़ियों में चोरी के इरादे से ऐसा किया है।
कोई सामान न मिलने पर वह चले गए। इस घटना को लेकर कॉलोनी के लोगों ने जमकर हंगामा किया। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में सुरक्षा को लेकर कोई व्यवस्था नहीं हैं। इससे पूर्व कॉलोनी में चोरियां हो चुकी हैं। लोगों ने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की। घटना की शिकायत करने पर पुलिस की ओर से कोई रिस्पांश न मिलने का आरोप भी नागरिकों ने लगाया। प्रदर्शन करने वालों में रामशरण, सतीश कुमार, वीरेश, सुरेश, सविता शर्मा, बबिता, प्रेमवती, किरनवती आदि कई कई लोग मौजूद रहे।