बुलंदशहर। कोतवाली नगर क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात शॉर्टसर्किट से थोक व्यापारी के मिल्क पाउडर के गोदाम में आग लग गई। आग से गोदाम में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। फायर बिग्रेड की दो गाड़ियों ने आकर आग पर काबू पाया।
काली नदी रोड पर गुरुस गंज मंडी में हरीश गोयल की मिल्क पाउडर का थोक का कारोबार है। व्यापारी ने बताया कि शुक्रवार देर रात गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग से गोदाम में मिल्क पाउडर बैग और अन्य सामान जलकर राख हो गया है। उन्हाेंने बताया कि रात करीब 2:30 बजे किसी ने उन्हें फोन से जानकारी दी कि कि उनके गोदाम की खिड़कियाें से धुआं निकल रहा है।
व्यापारी ने मौके पर आकर देखा तो गोदाम से आग की लपटें निकल रही थीं और मंडी में अफरातफरी का माहौल था। तुरंत सूचना दमकल विभाग को दी गई। फायर बिग्रेड की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि आग से गोदाम में लाखों का सामान जला है।
बच गए अन्य गोदाम
बुलंदशहर। व्यापारियों ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही चौकीदार और लेबर ने मिट्टी और पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए थे। फायर बिग्रेड ने भी पहुंचते ही आग बुझानी शुरू की। जिससे आग पर काबू पा लिया गया। आग बुझाने में देर होती तो आसपास के गोदाम भी उसकी चपेट में आ सकते थे और ऐसे में नुकसान काफी हो सकता था। मंडी में कई कारोबारियों के गोदाम हैं।