निकाय चुनाव में टिकट पाने के लिए दावेदार लगा रहे हैं जोर
बुलंदशहर। निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ऐसे में अभी तक भाजपा और कांग्रेस पार्टी ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। टिकट की घोषणा होने के लिए दावेदारों में बेचैनी है। अंतिम समय में दोनों पार्टियों में टिकट पाने के लिए घमासान मचा हुआ है। कांग्रेस में खींचतान है तो भाजपा में टिकट पाने के लिए घमासान है। दावेदार टिकट हथियाने के लिए एडी चोटी का जोर लगा रहे हैं। हो सकता है कि दोनों दल शनिवार शाम तक उम्मीदवारों की घोषणा कर दें।
बुलंदशहर सदर सीट सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। इस सीट पर भाजपाई टिकट हथियाने के लिए शह मात की चाल चल रहे हैं। आलाकमान के पास टिकट पाने के लिए चक्कर लगा रहे हैं। प्रदेशाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी और उमा भारती से लेकर राजनाथ सिंह के दरबार में हाजिरी लग रही है। टिकट पाने के प्रबल दावेदारों में अमित बंसल, दिनेश धन्नू, सुभाष तायल और हितेश गर्ग अपनी पत्नियों के लिए टिकट मांग रहे हैं।
कांग्रेस में दो लोगों के नामों में से एक पर रविवार तक मुहर लगनी है। रजिया सिद्दीकी और सुधीर नारायण बेरी की पत्नी शशि बेरी टिकट मांग रही हैं। खुर्जा नगर पालिका में कांग्रेस के टिकट के लिए घमासान मचा हुआ है। रफीक फड्डा, हाजी फजल, साबिर अंसारी, दानिश कुरैशी और विवेक मलिक गुड्डू प्रबल दावेदार हैं। ऐसे में कांग्रेस आलाकमान भाजपा के दांव को देखते हुए प्रत्याशी तय कर सकती है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार त्यागी के अनुसार रविवार तक पार्टी स्थिति साफ कर देगी। भाजपा जिला संयोजक डीके शर्मा कहते हैं। शीघ्र प्रत्याशियों की घोषणा कर देगी।