अनूपशहर, नरौरा, राजघाट और कर्णवास में लाखों ने किया गंगा स्नान
अनूपशहर/नरौरा/डिबाई। गंगा दशहरा पर अनूपशहर, नरौरा, राजघाट और कर्णवास आदि में लाखों लोगों ने गंगा में स्नान कर पुण्य अर्जित किया।
अनूपशहर में बुधवार शाम से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। इस दौरान उन्होंने दीपदान किया। जाह्नवी द्वार, बबस्टर गंज, दिनेश, लाल महादेव, पक्के एवं मंसूरीघ् ाट के अलावा गंगा पुल के दोनों ओर भी श्रद्धालुओं की स्नान के लिए भीड़ उमड़ी। बृहस्पतिवार तड़के शुरू हुआ स्नान शाम करीब पांच बजे तक चला। इस दौरान हजारों लोगों ने बच्चों का मुंडन भी कराया।
भीषण गर्मी में स्वयंसेवियों ने कस्बे में जगह जगह पानी की प्याऊ और शरबत की छबील लगायीं। पीएसी की मोटरवोट और एक प्लाटून गंगाघाटों पर तैनात रही। स्नान के दौरान आधा दर्जन स्नानार्थी डूबे जिन्हें पीएसी के गोताखारों ने बचाया।
नरौरा में राजघाट एवं रामघाट पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। भारी भीड़ और वाहनों के कारण व्यवस्थाएं चरमरा गईं। बुधवार रात से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। राजघाट में बने मेला थाना एवं खोया पाया केंद्र से भी बिछडों को उनके परिजनों से मिलवाया। भीड़ के कारण कई स्थानों पर बेरीकेंटिंग की बल्लियां आदि उखड़ गईं। गंगा दशहरे पर कई स्थानों पर प्याऊ लगाई गई। उधर, डिबाई क्षेत्र के कर्णवास की घुंघरू मां और कल्याणी देवी, बैलोन में सर्वमंगला देवी देवालयों में दर्शनों को भारी भीड़ रही।े बुलंदशहर में लोगों ने कई स्थानों पर छबील लगाकर लोगों को शरबत और शीतल जल पिलाया।
घंटों जाम से रहे लोग बेहाल
नरौरा। मेले में भारी भीड़ उमड़ने कारण नरौरा और राजघाट में यात्रियों को घंटों जाम की समस्या से जूझना पड़ा। भीषण गर्मी में जाम में फंसे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। राजघाट में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली किए जाने की शिकायतें मिलीं। गढ़मुक्तेश्वर बैराज से होकर गुजरने वाला यातायात वाया नरौरा डायवर्ट कर दिया गया था। जिससे स्नानार्थियों के वाहनों की संख्या अधिक होने से ट्रैफिक बढ़ गया और हाईवे पर जाम लग गया। नरौरा के दीनदयाल चौक पर जाम होते ही दिल्ली-बदायूं औरक आगरा- मुरादाबाद हाईवे का यातायात प्रभावित हो गया। बृहस्पतिवार को सुबह से शुरू शाम चार बजे तक जाम की स्थिति बनी रही। राजघाट चौराहे पर भी दोपहर तक जाम लगा रहा है। भीषण गर्मी के दौरान यात्रियों को जाम में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिसकर्मी दिन भर जूझते रहे।