बुलंदशहर। जनपद में रसोई गैस आपूर्ति का संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को भारत गैस कंपनी की भी आपूर्ति नगर में ठप हो गई। इंडेन गैस कंपनी से राहत की सिग्नल मिल रही है जबकि भारत गैस कंपनी के समक्ष आपूर्ति की समस्या जिला प्रशासन के लिए मुसीबत बनी है। नगर की एक एजेंसी पर गैस आपूर्ति न मिलने पर उपभोक्ताओं ने हंगामा किया और बदायूं-अलीगढ़ हाईवे को जाम कर दिया। फिलहाल जिले में 11 इंडेन और 2 भारत की एजेंसियों में आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। गोदामों पर सन्नाटा पसरा रहा। जिले में इंडेन गैस कंपनी की 15 एजेंसियां हैं। इनमें से 11 एजेंसियों को सिलेंडर की सप्लाई अलीगढ़ गैस प्लांट की मिलती है। टैंकर संचालकों की हड़ताल से जनपद में गैस आपूर्ति पूरी तरह ठप चल रही है। अब भारत गैस एजेंसियों पर भी आपूर्ति का खतरा मंडराना शुरू हो गया है। बुधवार को भारत कंपनी की ओम गैस एजेंसी पर गैस आपूर्ति न मिलने पर संकट खड़ा हो गया।
उपभोक्ताओं का हंगामा
बुलंदशहर। बदायूं-अलीगढ़ हाईवे मार्ग स्थित ओम गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। उपभोक्ता रमेश, रानी, जावेद, इकबाल और शांति स्वरूप आदि ने बताया कि गैस की आपूर्ति नहीं मिल रही है। बुधवार की सुबह जब गोदाम पर पहुंचे तो सिलेंडर की आपूर्ति नहीं दी गई। लोगों ने जमकर हंगामा किया और हाईवे को जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गुस्साए लोगों को शांत किया। एजेंसी संचालक कुलदीप शर्मा ने बताया कि गैस आपूर्ति नहीं मिली है। आपूर्ति मिलते ही उपभोक्ता को होम डिलीवरी दे दी जाएगी।
मथुरा रिफायनरी से गैस आपूर्ति मिलने की उम्मीद है। दो दिन के अंदर आपूर्ति फिर से सुचारु हो सकती है। फिलहाल अलीगढ़ गैस प्लांट और लोनी रिफायनरी पर गैस आपूर्ति का संकट बरकरार है। एक ट्रक की सप्लाई मिली है जबकि छह ट्रक सप्लाई की बुकिंग एक दिन में कराई जानी है।
-लक्ष्मीनारायण गुप्ता
तिरूपति गैस संचालक
आपूर्ति संकट को देखते हुए गैस कंपनी के अधिकारियों से बातचीत की है। शासन को भी इस मामले से अवगत कराया गया है। जिलापूर्ति अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि व्यवस्थाओं को कंट्रोल करने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। उपभोक्ताओं से अपील है कि माहौल को खराब न करें।
-नवदीप रिणवा, जिलाधिकारी