नगर निकाय चुनाव से पहले बहेगी बुलंदशहर में विकास की बयार
बुलंदशहर। निकाय चुनाव से पहले नगर में विकास की बयार बहेगी। नगर पालिका ने टूटी सड़कों और जर्जर गलियों की हालत सुधारने की कवायद शुरू कर दी है। शहर की 51 प्रमुख गलियों और सड़कों की सूरत संवारने के लिए पालिका करीब चार करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। विकास कार्यों से निकाय चुनाव के संभावित प्रत्याशियों के चेहरे भी खिल गए हैं।
कई प्रस्ताव ऐसे हैं जिनके लिए संभावित प्रत्याशी लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। नगर के कई मोहल्लों की सड़कें खस्ताहाल है। पहले विधानसभा चुनाव का अड़ंगा और फिर नई सरकार के बाद विकास कार्यों पर लगे ब्रेक की वजह से इन सड़कों की हालत नहीं सुधर पा रही थी। निकाय चुनावों की नजदीकी से कहीं निवर्तमान सभासद तो कहीं संभावित प्रत्याशी सड़कों की मरम्मत के लिए जोर लगा रहे थे।
51 कार्यों को हरी झंडी
नगर पालिका ने एक साथ 15 से ज्यादा वार्डों में 51 कार्यों को हरी झंडी दी है। इन कार्यों में सीसी रोड से लेकर, इंटर लॉकिंग टाइल्स, नालियों का निर्माण, पुलिया निर्माण और तारकोल रोड का निर्माण शामिल है। नगर पालिका के निर्माण विभाग ने शनिवार को इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दो माह में पूरे होंगे सभी काम
51 कार्यों के टेंडर जारी कर दिए गए हैं। इन कार्यों पर 3.98 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 28 मई तक टेंडर खोलने की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी कर दिए जाएंगे। सभी कार्यों को दो माह में पूरा करा लिया जाएगा। -अरुण कुमार गुप्त, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका
इन मोहल्लों का दुख होगा दूर
साठा, टीचर्स कालोनी, सूर्यनगर, मोहल्ला हरीपुरा, चांदपुर रोड, सब्जी मंडी बूरा बाजार, अंबा कालोनी, टांडा, नजीमपुरा भूड़, मानसरोवर कालोनी, देवीपुरा, मोतीबाग, लाजपतपुरी, मयूरविहार, आनंद विहार, शिवपुरी, प्रीत विहार, मुखर्जी कंपाउंड, आरके पुरम।