स्याना। वैराफिरोजपुर गांव के मजरा रमपुरा में शनिवार की रात नलकूप पर सो रहे वृद्ध किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। परिजनों को रविवार सुबह हत्या का पता चला। पुलिस इस मामले को भूमि विवाद से जोड़ कर देख रही है।
ग्राम रमपुरा निवासी हरि सिंह लोधी (85) अपने खेत के नलकूप पर सोया हुआ था। देर रात हमलावरों ने सोते हुए हरि सिंह को गोली मार दी। गोली उसके सीने के पास लगी और उसकी मौत हो गई। रविवार की सुबह जब हरि सिंह के परिजन खेत पर आए तो उन्हें नलकूप पर वृद्ध का लहूलुहान शव चारपाई पर पड़ा मिला। हरि सिंह की टांग नीचे लटकी हुई थी और मुंह खुला था। ऊपर से शव पर चादर डाली हुई थी।
मृतक के छोटे पुत्र रोशन सिंह ने पिता की हत्या करने का आरोप दूसरे बड़े भाई पर लगाया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वीके त्यागी का कहना है कि रोशन के आरोप की जांच की जा रही है। इस बारे में ग्रामीणों से की जा रही है। कोतवाल ने बताया कि हरि सिंह 12 कच्चा बीघा जमीन का मालिक था। जमीन के बंटवारे को लेकर दोनो भाइयों में विवाद भी है। शनिवार को रोशन और हरि सिंह में कहासुनी भी हुई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या का कारण भूमि विवाद नजर आ रहा है। कोतवाल ने बताया कि पुलिस सोमवार को स्याना निबंधन कार्यालय के से हरि सिंह के बैनामा या वसीयत किए जाने की जानकारी भी लेगी। उसके आधार पर भी मामले की जांच की जाएगी।