अनूपशहर/नरौरा/बुगरासी। शनि अमावस्या पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगा कर पुण्य अर्जित किया। इस दौरान उन्होंने पूजन और दान भी किया। कुछ श्रद्धालु मनौती पूर्ण होने पर दंडौती कर गंगा स्नान करने पहुंचे तो कुछ भक्तों ने मां गंगा को दूध अर्पित किया। मंदिरों में पूजा अर्चना की और बच्चों का मुंडन कराया। नरौरा और बसीबांगर आदि में लोगों ने गंगा स्थान किया।
अनूपशहर में गंगा स्थान के लिए लोग सुबह से आने लगे थे। स्नान के बाद लोगों ने मां गंगा का पूजन किया। भगवान सत्यनारायण की व्रत कथा का श्रवण किया। मंदिरों में अर्चना की और बच्चों का मुंडन कराया। इस दौरान भंडारे भी आयोजित किए गए। स्नान के बाद शनि मंदिरों में भी पूजन हुआ।
रामायण सत्संग मंडल और श्री गंगा सेवा समिति, एबीवीपी आदि संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने गंगा प्रदूषण मुक्ति अभियान के तहत गंगा सफाई की। वट अमावस्या पर सुहागिन ने पति की दीर्घायु के लिए वट वृक्ष की पूजा की और व्रत रखकर अखंड सौभाग्य की कामना की। उधर नरौरा और बसीबांगर, भगवानपुर, फरीदाबांगर और निजामपुर में घाटों पर हजारों भक्तों ने गंगा स्नान किया। स्नान के बाद दान भी दिया।