d अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। उप्र राजस्व परिषद के सदस्य प्रशासनिक किशोर कुमार सिन्हा ने सोमवार को कलक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने पुरानी सदर तहसील के मलबे की नीलामी करने के निर्देश दिए। तहसीलों में ग्रामसभा की भूमि से अवैध कब्जों को हटाने पर हर्जाना वसूली प्रगति रिपोर्ट पर नाराजगी व्यक्त की। कलक्ट्रेट भवन की अवधि समाप्त होने पर इसका प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग से मांगा है।
सोमवार सुबह 11:30 बजे कलक्ट्रेट में उप्र राजस्व परिषद के सदस्य के साथ प्रशासनिक अधिकारियों का काफिला पहुंचा। जिलाधिकारी के कार्यालय पर समीक्षा बैठक में उप्र राजस्व परिषद के सदस्य ने कलक्ट्रेट के अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। किशोर कुमार ने तहसीलों के भवनों, तहसीलदार आवास, राजस्व कर्मियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सभी एसडीएम को ऐसे मामले जो विभाग द्वारा वापस लिए जा रहे हैं उनसे 10 प्रतिशत धनराशि जमा कराने के निर्देश दिए। मौके पर डीएम नवदीप रिणवा भी मौजूद थे।
अमीन संघ ने उठाई समस्या
बुलंदशहर। राजस्व संग्रह अमीन संघ ने उप्र राजस्व परिषद के सदस्य प्रशासनिक किशोर कुमार सिन्हा को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। जिला अध्यक्ष केके शर्मा तथा जिला मंत्री देवेंद्र सिंह ने बताया कि अमीनों की समस्याओं के बारे में अवगत कराया गया है। अमीन संघ में रविंद्र पाल सिंह, राजवीर सिंह, शरीफ, रामेश्वर दयाल शर्मा, सुभाष चंद शर्मा, रवि कुमार शर्मा आदि शामिल रहे।