बरेली। रमजान के पहले रोजे का सबसे बड़ा इफ्तार खानकाहे नियाजिया में हुआ। यह आयोजन यहां हजरत शाह निजाम उद्दीन हुसैन के उर्स के मौके पर किया गया। इसमें सज्जादा नशीन शाह हसनैन नियाजी उर्फ हसनी मियां, प्रबंधक शब्बू मियां नियाजी व तमाम साहबजादगान के साथ सैकड़ों की संख्या में लोगों ने शिरकत की। इस इफ्तार में हर खास-ओ-आम को दावत दी गयी थी। बड़ी संख्या में बाहर से आए मेहमान भी इसमें शामिल हुए।
इधर शहर के हर घर में खुशियों का माहौल रहा। दोपहर बाद से घरों में पकवान की तैयारी शुरू हो गयी। लोगों ने हलवा पकौड़ियां और कई तरह के व्यंजन बनाए। फिर इफ्तार के दस्तरख्वान पर खजूर, फल, पापड़ भी रखा गया। इससे पहले पड़ोसियोें और मस्जिदों में इफ्तारियों की थाल सजा कर भेजी गई। उसके बाद मगरिब की अजान के इंतजार में दस्तरखान पर एक साथ लोग बैठे। अजान होते ही सभी ने रोजा खोला, फिर नमाज अदा कर खुदा का शुक्र अदा कर दुआएं भी मांगी।
बड़ा बाजार निवासी मेराज बी ने बताया कि बच्चों की खुशी के लिए पहले रोजे का एहतेमाम करते हुए घर में कई चीजें बहु और बेटियों ने मिल कर बाना ली। इसमें उन्होंने भी सहयोग किया। बताया कि उनके भतीजे 10 वर्षीय कैफ और 12 वर्षीय आरिश ने भी रोजा रखा।