स्वाले नगर के पास हुई दुर्घटना
बरेली। नेशनल हाइवे पर स्वाले नगर के पास तीन गाड़ियों की टक्कर हो गई। उनमें सवार दस लोग घायल हो गए, जिनमें चार बच्चे शामिल हैं। सभी को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कर्मचारी नगर निवासी चंद्रमुखी बेटे कुशल और यश के साथ अपने चचेरे भाई की शादी में (उझानी) बदायूं गई थीं। रविवार दोपहर डेढ़ बजे वह दोनों बेटों और भाई रविंद्र कुमार यादव के साथ मैक्स से घर लौट रही थीं। गाड़ी उनके भाई रविंद्र चला रहे थे। नेशनल हाइवे पर स्वाले नगर के पास सामने से आई एक टवेरा के चालक ने अचानक गाड़ी मोड़ दी। इससे मैक्स और टवेरा के बीच टक्कर हो गई, जिससे दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। मैक्स में बैठे रविंद्र, उनकी बहन चंद्रमुखी और उनके दोनों बेटे घायल हो गए। उनकी चपेट में आने से एक टेंपो पलट गया। उसमें हवाई अड्डे के पास गायत्री नगर निवासी अकबर अली उनकी पत्नी अफसाना, बेटा अमान और बेटी फिजा सवार थे, जो जख्मी हो गए। अकबर पत्नी और बच्चों के साथ अपनी ससुराल शहामतगंज जा रही थी। टवेरा फरीदपुर के निहाल की बताई जा रही है जो वर्कशॉप से ठीक होकर जा रही थी। गाड़ी रामपाल चला रहे थे। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश शर्मा ने एंबुलेंस में घायलों को बैठा कर एक निजी अस्पताल भिजवा दिया।