बरेली। मढ़ीनाथ इलाके में मकान का ताला तोड़कर जेवर और नकदी चोरी हुई। बुधवार की रात घटना के समय परिजन छत पर सो रहे थे। सूचना मिलने पर सुभाष नगर पुलिस ने मौके का मुआयना किया। घटना में अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मढ़ीनाथ के विक्रम कोचिंग वाली गली में शिवराज सिंह यादव का मकान है। वह सेना में नौकरी करते हैं और दिल्ली में परिवार लेकर रहते हैं। उनके मढ़ीनाथ स्थित मकान में तीन कमरे हैं। एक कमरे में उनके भतीजे सुरेश और दूसरे में टेंपो चालक राम सिंह रहते हैं। तीसरे कमरे में सुनील कुमार भारती अपनी मां शांति देवी और भाई विक्की के साथ रहते हैं। एडीएम कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी सुनील परिवार के साथ बुधवार की रात लाइट न होने की वजह से मकान की छत पर सोए थे। सुरेश भी अपने गांव गए हुए थे।
रात में चोरों ने सबसे पहले सुरेश के कमरे का ताला तोड़ा। अंदर कुछ खास सामान न मिलने पर चोरों ने अंदर से ही सुनील के कमरे ताला तोड़ा। कमरे में रखे जेवर और करीब साढे़ 12 हजार रुपये नगद चोर उठा ले गए। गुरुवार की सुबह शांति देवी नीचे सबसे पहले उतरीं तो बिखरे सामान को देख उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर दोनों बेटे नीचे उतरकर आए तो देखा कि चोर उनके घर के कीमती सामान उठा ले गए। सुनील ने बताया कि उनकी मां के सारे जेवर चोर उठा ले गए। सूचना पर सुभाषनगर पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
-
पान की गुमटी से चोरी
बरेली। नेकपुर में गल्ला मंडी के पास ओम प्रकाश की पान की गुमटी है। बुधवार की रात करीब नौ बजे वह दुकान बंद कर पास में ही स्थित घर चले गए। रात में गुमटी का ताला तोड़कर चोरों ने सैकड़ों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।