बरेली। इंदिरा नगर में गुरुवार की रात करीब आठ बजे हिस्ट्रीशीटर के भाई की हत्या केे इरादे से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। छर्रा लगने से पास में खड़ी एक किशोरी घायल हो गई। महिलाओं ने छत से पथराव किया तो हमलावर भाग गए। सूचना पर प्रेमनगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटना हत्या की रंजिश में होना बताई गई है।
इंदिरा नगर के हिस्ट्रीशीटर शेरू और गब्बर के पिता मुन्नालाल की कुछ साल पहले हत्या हो गई थी। इसे लेकर शेरू और गब्बर की दूसरे पक्ष से दुश्मनी है। बृहस्पतिवार रात आठ बजे के करीब शेरू का छोटा भाई अनिल अपने कुत्ते को घर के बाहर टहला रहा था। तभी छह मोटरसाइकिलों पर आए 10-12 लोगों उनके ऊपर फायरिंग कर दी। अनिल ने घर के अंदर भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन पास में खड़ी पड़ोसी प्रदीप कटियार की बेटी कृतिका छर्रा लगने से घायल हो गई। अनिल के परिवार की महिलाओं ने हमलावरों पर छत से पथराव शुरू कर दिया। आसपास के लोग भी इकट्ठे होने लगे तभी हमलावर भाग गए। सूचना पर प्रेमनगर इंसपेक्टर सुनील पचौरी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ऐहतियातन अनिल के घर पर पुलिस तैैनात कर दी गई है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।