बरेली। घर से बारात निकलने के दौरान की गई फायरिंग में गोली लगने से भांगड़ा ढोल बजा रहा युवक घायल हो गया। इस मामले में थाना बारादरी में दूल्हा के भाई समेत दो लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुराना शहर में सैलानी निवासी आरिफ के छोटे भाई की बारात रविवार रात करीब 11 बजे घर से निकली थी। भांगड़ा पर बाराती डांस कर रहे थे। इनमें आरिफ और गुड्डू भी शामिल थे। भांगड़ा मलूकपुर निवासी जावेद खान और उनके साथी जुनैद शेहरा बजा रहे थे। डांस के दौरान आरिफ खुशी में तमंचे से फायरिंग कर रहे थे। इसी बीच गोली लगने से जावेद घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की रिपोर्ट जावेद के भांजे शोमी खान ने लिखाई है। इसमें आरिफ और डब्बू को नामजद किया गया है।