बाराबंकी। दोपहर में ठंड भले ही कम हो गई है लेकिन रात व सुबह गलन से ठंड का कहर अभी भी जारी है। रात व सुबह पड़ने वाला कोहरा भी लोगों में मुसीबत बना हुआ है। नगरपालिका व प्रशासन द्वारा अलाव आदि के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाने से सार्वजनिक स्थानों पर लोग ठिठुरते हुए रात गुजारने को विवश हैं। अभी भी कई जगहों पर अलाव नहीं जल रहे हैं। इससे रिक्शा व ऑटो चालक परेशान हैं। सुबह व रात में पड़ने वाले कोहरे से सड़क यातायात बुरी तरह से प्रभावित है। हालांकि दोपहर में कोहरा कम हो जाने से रेल यातायात पर कोहरे का ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ रहा है। सुबह कोहरा, दोपहर में धूप और शाम होते ही बढ़ी गलन ने लोगों को परेशान कर रखा है। रविवार दोपहर में लोगों ने जहां धूप का मजा लिया वहीं शाम होते ही लोग घरों में दुबक गए। रात में तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने से बढ़ी ठंड से आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है। प्रशासन व नगर पालिका द्वारा लोगों को ठंड से बचाने के लिए अलाव आदि के भी पर्याप्त उपाय नहीं किए जा रहे हैं। पुलिस लाइंस चौराहे पर शाम को लोगों की काफी भीड़ रहती है। इसके बाद भी यहां पर अभी तक अलाव नहीं जलवाया जा रहा है। यही दशा रेलवे स्टेशन व बस स्टाप चौराहा का है। राजकमल रोड व लायंस क्लब चौराहा पर भी अलावा नहीं है। इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। रात व सुबह पड़ रहे कोहरे का असर सड़क यातायात पर पड़ रहा है। भीषण कोहरे के चालक वाहन की हेड लाइट व इंडीकेटर जलाकर चलाने को विवश रहे। कोहरे के कारण बस स्टाप पर अनुबंधित बसें भी देरी से पहुंची रही थीं जिससे दैनिक यात्रियों को उनका इंतजार करना पड़ा। हालांकि दोपहर में धूप होने से रेल यातायात में सुधार हो रहा है।