भीषण गर्मी ने किया बेहाल
बाराबंकी। भीषण गर्मी और उमस से बृहस्पतिवार को भी लोग बेहाल रहे। बादलों की लुकाछिपी के बीच तेज धूप से लोगों को खासी परेशानी हुई। एक-दो दिन में बारिश होने के आसार जताए जा रहे हैं।
जिले में गुरुवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 41.5 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस था। गुरुवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे लेकिन दोपहर बाद तेज धूप निकलने से लोगों को काफी परेशानी हुई। दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा छा गया और लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए। मौसम विभाग की मानें तो मौसम में बदलाव आने लगा है। एक दो दिन के अंदर बारिश हो सकती है।