बांदा। मध्य प्रदेश में समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों और उनके नेताओं की गिरफ्तारी को लेकर यहां के किसानों का गुस्सा भी भड़क उठा है। एमपी सरकार की कारगुजारी की निंदा करते हुए भारतीय किसान यूनियन नेताओं ने विरोध जताते हुए भाजपा कार्यालय में प्रदर्शन किया।
हाल ही में मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह सरकार ने अनूपपुर जिले में कुछ किसानों और नेताओं को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया है। दरअसल वे सभी किसान समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। भारतीय किसान यूनियन को मध्य प्रदेश सरकार की यह कारगुजारी पसंद नहीं आई। विरोध जताते हुए शुक्रवार को यूनियन नेताओं ने यहां पीली कोठी स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विरुद्ध नारे लगाए। उन्हें किसान विरोधी मानसिकता वाला बताया। किसान यूनियन के राष्ट्रीय नेतृत्व से इस मामले में हस्तक्षेप का अनुरोध किया।
ज्ञापन देने वालों में मंडल अध्यक्ष हरदत्त पांडेय, जिलाध्यक्ष बैजनाथ अवस्थी समेत बलराम तिवारी, ध्रुव सिंह तोमर, कर्ण सिंह, मदन सिंह, गरीबा, केदार, रामाधार, सुखलाल, कोदूराम, विष्णु द्विवेदी आदि शामिल रहे।