बांदा। गर्मी का कहर और बढ़ गया। आसमान से बरस रही आग ने बुधवार को इस मौसम का सबसे गर्म दिन बना दिया। पिछले सारे रिकार्ड तोड़ते हुए तापमान 47 डिग्री सेल्सियस पार हो गया। सड़कों पर पूरा दिन सन्नाटा रहा। शाम को ही चहल-पहल बढ़ी। गर्म लू के थपेड़े देर शाम तक लोगों को बेचैन किए रहे। न्यूनतम पारा रात में 27 डिग्री पर टिका रहा। मई माह में तापमान अधिकतम 46.6 हुआ था। लेकिन बुधवार (30 मई) को यह 47 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम पारा भी 26 से अधिक नहीं हुआ था। मंगलवार की रात यह भी 27 हो गया। मौसम पर नजर रखने वालों का कहना है कि जून की आमद भी जानलेवा गर्मी से होगी।