ओरन (बांदा)। बिसंडा क्षेत्र के बिसंडी में कर्ज से डूबे किसान के आत्महत्या करने की यह घटना तीन दिन के अंदर दूसरी है। बिसंडी गांव में बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे श्याम प्रजापति (30) पुत्र देवीदीन ने अपने कच्चे मकान में रस्सी बांधकर फांसी लगा ली।
तीन दिनों पूर्व 20 मई को इसी गांव में किसान रतिभान सिंह (50) की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। वह बैंक का कर्जदार था। घटना से कुछ देर पहले अमीन उसके घर आरसी लेकर गया था। कर्ज राशि जमा न करने पर जेल भेजने की धमकी दी थी। घबराकर कुछ ही घंटों बाद रतिभान चल बसा। वह तीन भाई थे। तीनों ने मिलकर एक लाख 85 हजार ऋण लेकर ट्रैक्टर लिया था। कुछ पैसा जमा कर दिया। अप्रैल में सवा लाख जमा करने की नोटिस मिली थी। फसल ठीक न होने से यह पैसा जमा न हो पाया। वर्ष 2009 में लड़की की शादी के लिए बैंक से तीन लाख का किसान क्रेडिट कार्ड बनवाया था। वह कर्ज भी नहीं जमा कर पाया था। पत्नी सुनीता ने बताया कि अमीन की धमकी से रतिभान बहुत परेशान था।