बांदा। जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह वर्मा ने एक बार फिर राजनीतिक छलांग लगाई है। अब वह कांग्रेसी पंजा छोड़कर सपा में शामिल हो गए हैं। विधान सभा चुनाव के पूर्व वह बसपा के हाथी की सवारी छोड़कर कांग्रेस में आए थे। बृहस्पतिवार को लखनऊ में सपा प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने श्री वर्मा को सपा में शामिल कर लिया।
महेंद्र सिंह वर्मा मौजूदा में जिला पंचायत सदस्य हैं। उनकी पत्नी भी जिला पंचायत सदस्य हैं। लंबे समय तक वह बसपा में रहे। विधान सभा चुनाव के पूर्व उनका बसपा से मोहभंग हो गया और कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस ने उन्हें नरैनी विधान सभा क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित कर दिया। वह चुनाव लड़े लेकिन जीत नहीं पाए। बृहस्पतिवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पांच कालीदास मार्ग स्थित आवास में वह सपा में शामिल हो गए। इस अवसर पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव विशंभर प्रसाद निषाद, जिलाध्यक्ष शमीम बांदवी और मध्य प्रदेश के सपा अध्यक्ष डा.गौरी सिंह यादव उपस्थित थे।