बांदा। स्थानीय निकाय चुनावों के लिए कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी के निर्देश पर प्रत्याशियों के चयन के लिए समिति गठित की गई है। नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चयन समिति का अध्यक्ष जिला कांग्रेस अध्यक्ष को नामित किया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष विजय प्रकाश पर्यवेक्षक नामित किया है।
कांग्रेस अपने चुनाव चिह्न पर स्थानीय निकाय चुनाव लडे़गी। प्रत्याशियों का चयन सतर्कता से करने के लिए चयन समिति गठित की गई है। बांदा नगर पालिका परिषद की समिति के चेयरमैन जिलाध्यक्ष साकेत बिहारी मिश्र बनाए गए हैं। समिति में शहर अध्यक्ष एमयू दुर्रानी, विधायक विवेक कुमार सिंह, पूर्व सांसद रामनाथ दुबे सहित सेवादल अध्यक्ष राकेश सिंह, महिला अध्यक्ष सुमन शुक्ला, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कुतैबा जमां और छात्र संगठन अध्यक्ष पंकज सिंह हरीओम शामिल किए गए हैं।
अतर्रा नगर पालिका परिषद की चयन समिति में जिलाध्यक्ष और अतर्रा नगर अध्यक्ष तथा फ्रंटल संगठनों के जिला प्रमुख होंगे। तिंदवारी व मटौंध नगर पंचायतों की चयन समिति में जिलाध्यक्ष के अलावा क्षेत्रीय विधायक दलजीत सिंह व ब्लाक व नगर अध्यक्ष तथा फ्रंटल संगठनों के जिला प्रमुख सम्मिलित किए गए हैं। बबेरू नगर पंचायत में जिलाध्यक्ष समेत शिवशंकर सिंह पटेल और ब्लाक व नगर अध्यक्ष तथा फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष होंगे। बिसंडा, ओरन और नरैनी में भी जिलाध्यक्ष, विधायक और ब्लाक व नगर अध्यक्ष तथा फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष शामिल रहेंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि समिति बैठक करके वरिष्ठ नेताओं की राय जानकर प्रत्याशियों का चयन करेगी। उन्होंने बताया कि बांदा जनपद की दो नगर पालिका परिषदों समेत सभी छह नगर पंचायतों के लिए पूर्व विधायक और कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय प्रकाश को पर्यवेक्षक बनाया गया है।