बांदा। चित्रकूटधाम मंडल के लाखों बाशिंदों की प्यास बुझा रहे जल संस्थान का खजाना खाली है। पानी पीकर उपभोक्ता जल मूल्य और जल कर अदा नहीं रहे। नतीजे में मंडल के चारों जनपदों में उपभोक्ताओं पर जल संस्थान का 2 करोड़ 56 लाख रुपए से भी ज्यादा रुपए बकाया हो गया है। इसमें सबसे ज्यादा पौने दो करोड़ रुपए की बकाएदारी बांदा में है। इन सभी बकाएदारों को आरसी जारी की जा रही है।
चित्रकूटधाम जल संस्थान चारों जनपदों में जलापूर्ति की कमान संभाले है लेकिन जल मूल्य और जल कर वसूलने में हर वर्ष उसे दांतों पसीने आ रहे हैं। बडे़ बकाएदारों की तादाद हजारों में पहुंच गई है। लाखों रुपए सरकारी विभागों पर भी बकाया है। अब संस्थान ने आम उपभोक्ताओं से वसूली पर सख्ती का रवैया शुरू करते हुए उनके विरुद्ध राजस्व वसूली चालान (आरसी) जारी करने की तैयारी की है। महाप्रबंधक आरबी सिंह ने बताया कि चारों जनपदों में आम उपभोक्ताओं पर दो करोड़ 56 लाख 24 हजार रुपए बकाया हैं। इसमें बांदा जनपद के उपभोक्ताओं पर एक करोड़ 75 लाख, महोबा में 31 लाख 99 हजार, चित्रकूट में 25 लाख 14 हजार और हमीरपुर में 23 लाख 35 हजार रुपए की बकाएदारी है।
महाप्रबंधक ने बताया कि आरसी के जरिए वसूली के लिए चारों जनपदों के अपर जिलाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। पांच हजार से अधिक के बकाएदारों की आरसी जारी की जा रही है।
उधर, बांदा सदर तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद पांडेय ने बताया कि वर्ष 2011-12 में जल संस्थान ने लगभग 20 लाख रुपए की आरसी जारी की है। इसमें मात्र दो लाख रुपए वसूल हो पाए।