बांदा। पेट्रोल में एकमुश्त साढे़ 7 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी से चित्रकूटधाम मंडल के वाहन शौकीनों को रोजाना लगभग 6 लाख 72 हजार रुपए अतिरिक्त खर्च करना पडे़ंगे। उनका पेट्रोल का दैनिक खर्च बढ़कर लगभग 70 लाख रुपए हो जाएगा। मंडल मुख्यालय बांदा में अब पेट्रोल की कीमत 77 रुपए 3 पैसे होगी।
बृहस्पतिवार को सुबह जब उपभोक्ता अपने वाहन में पेट्रोल भरवाएंगे तो उन्हें साढे़ सात रुपए प्रति लीटर की दर से अतिरिक्त कीमत अदा करनी पडे़गी। बांदा में अब तक बिक रहा 69 रुपए 56 पैसे प्र्रति लीटर का पेट्रोल 77 रुपए 3 पैसे प्रति लीटर में मिलेगा। यहां 7 रुपए 47 पैसे की वृद्धि की गई है। केंद्र सरकार ने 6 रुपए 28 पैसे की बढ़ोत्तरी की है। शेष एक रुपए 19 पैसे सेल टैक्स लगेगा। एक अनुमान के मुताबिक मंडल के चारों जिलों में लगभग 75 पेट्रोल पंप हैं। इनमें रोजाना 90 किलो लीटर (90 हजार लीटर) से ज्यादा पेट्रोल बिकता है।