बांदा। राजाराम मोहन राय का जन्मदिन विधवा कल्याण मिशन दिवस के रूप में मनाया गया। अंधविश्वास, सती प्रथा, बाल विवाह और विधवाओं को समाज में सम्मान के लिए उनके प्रयास याद करके सराहे गए।
मंगलवार को राष्ट्रीय विधवा कल्याण मिशन कार्यालय में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए चिंतक और समाजसेवी पत्रकार बीडी गुप्ता ने कहा कि राजाराम मोहन राय भारत के प्रखर समाज सुधारक थे। हम सबको उनके अधूरे कार्याें को पूरा करने का संकल्प लेना चाहिए। समाज से अंधविश्वास और कुरीतियां खत्म कर देनी चाहिए। कोषाध्यक्ष राजेश राज शिवहरे व संयुक्त सचिव स्वप्निल गुप्ता ने कहा कि मिशन का उद्देश्य तभी पूरा होगा जब समाज का हर व्यक्ति सोच बदले। विधवाओं पर हो रहे अत्याचार रोकने लिए आगे आए। रत्नेश गुप्त ने कहा कि मोहन राय ने ही सती प्रथा और बाल विवाह रोकने की शुरूआत की थी। कार्यक्रम की शुरूआत विधवा सीमा ने दीप जलाकर की। मोहन राय के चित्र पर फूल चढ़ा गए। जगमोहन सिंह, प्रदीप मतानी, सत्येंद्र गुप्ता, गीता गुप्ता, सीमा, विनोद तिवारी, उर्मिला देवी, सतरूपा, मंदाकिनी इत्यादि ने भी संबोधित किया।