बांदा। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। दूसरी घटना में दो बाइकों की भिड़ंत में घायल हुए एक युवक ने दम तोड़ दिया। इस घटना में एक युवक की पहले ही मौत हो चुकी है। घायल ग्राम प्रधान को जिला अस्पताल से कानपुर रिफर किया गया है।
गिरवां क्षेत्र के मनीपुर गांव का प्रतिपाल सिंह (42) पुत्र भोला सिंह रविवार की रात करीब 11 बजे बाइक पर बांदा से गांव से लौट रहा था। बांधापुरवा के पास किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों बाइक सवार दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। काफी देर बाद राहगीरों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने प्रतिपाल को मृत घोषित कर दिया। पत्नी निर्मला ने बताया कि प्रतिपाल शौर्य ऊर्जा कंपनी में एजेंट था। अपने पीछे पत्नी के अलावा एक पुत्र और पुत्री छोड़ गया है। उधर, बांदा-बबेरू मार्ग पर रविवार की रात दो बाइकों की भिड़ंत में घायल युवक रमेश (38) पुत्र रामचंद्र की देर रात जिला अस्पताल में मौत हो गई। वह देवरथा गांव का रहने वाला था। इस घटना में एक व्यक्ति श्रवण कुमार श्रीवास्तव (45) की उसी समय मौत हो गई थी। घायल रगौली ग्राम प्रधान शत्रुघन (50) को कानपुर रिफर कर दिया गया है।