बांदा। जातिगत जनगणना के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी हैं। पूरे जनपद में 3343 गणना ब्लाक बनाए गए हैं। चार ब्लाकों पर एक प्रगणक तैनात किया गया है। डीएम शीतल वर्मा ने सोमवार को तैयारियों से संबंधित जानकारियों से मीडिया को रूबरू कराया।
उन्होंने बताया कि कुल 837 प्रगणक ड्यूटी पर लगाए हैं। 12 चार्ज अधिकारी होंगे। प्रत्येक छह प्रगणकों पर एक सुपरवाइजर नियुक्त किया जाएगा। कुल 141 सुपरवाइजर होंगे। डीएम ने बताया कि पूर्व में हुई जनगणना की तर्ज पर ही जातिगत जनगणना भी होगी। इसमें भी उन्हीं कर्मचारियों को लगाया गया है जो पिछले वर्ष जनगणना कर चुके हैं। उन्हें घर-घर की जानकारियां हैं। डाटा तहसील स्तर पर कंप्यूटरों के अलावा ब्लाकों में दिए जाने वाले टैबलेट में होगा।
डीएम ने हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ में दिए गए निर्देश भी बताए। बताया कि केंद्रीय योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। मनरेगा, प्रधानमंत्री सड़क योजना, एनआरएचएम, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल योजना, स्वरोजगार इत्यादि योजनाएं इसमें शामिल हैं। आईडी पालिसी में बुंदेलखंड को महत्व दिया जाएगा। लोहिया गांवों के चयन के बारे में भी मुख्यमंत्री ने जो बिंदु निर्धारित किए हैं उन्हीं के आधार पर चयन किया जाएगा।