बांदा। केंद्रीय विद्यालय नए शिक्षा सत्र में जुलाई से चालू हो जाएगा। फिलहाल जिला प्रशासन ने खाईंपार में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय से खाली हुए भवन में अस्थाई तौर पर सेंट्रल स्कूल चलाने की अनुमति दे दी है। उधर मान्यवर कांशीराम कृषि विश्वविद्यालय परिसर में केंद्रीय विद्यालय के लिए जमीन देने को विश्वविद्यालय तैयार हो गया है। कुलपति डा.मिलखा सिंह औलख ने यह जानकारी दी।
केंद्र सरकार द्वारा संचालित केंद्रीय विद्यालय में सीबीएसई बोर्ड से अनुमोदित पढ़ाई होगी। इसके लिए खाईंपार में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय से खाली हुए भवन को चुना गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक मोहम्मद इब्राहीम ने बताया कि इस वर्ष शिक्षा सत्र यहीं शुरू होगा। इसकी सूचना केंद्रीय विद्यालय संगठन बनारस को भेज दी गई है। स्थाई भवन के लिए लगभग 10 एकड़ भूमि की जरूरत होगी। प्रशासन ने भूरागढ़ में जमीन प्रस्तावित की है। लेकिन इसके अधिग्रहण की कार्रवाई नहीं हुई।
उधर शनिवार को प्रबंध परिषद की दूसरी बैठक में प्रमुख सचिव (कृषि) की मौजूदगी में कुलपति ने विश्वविद्यालय परिसर में सेंट्रल स्कूल के लिए जमीन देने का प्रस्ताव रखा। कुलपति डा.मिलखा सिंह औलख ने बताया विश्वविद्यालय परिसर में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए संबंधित प्रतिनिधि से वार्ता की जा रही है।