बांदा। बीहड़ों में भले-चंगे रहने वाले दस्यु सरगना जेल में आने के बाद मौसम की मार नहीं सह पा रहे। ऐसे ही मामले में पेशी पर गए दस्यु सरगना ज्ञान सिंह को लू ने चपेट में ले लिया। मध्य प्रदेश में प्राथमिक उपचार के बाद उसे यहां जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात है।
दस्यु सरगना ज्ञान सिंह यहां मंडल जेल में काफी दिनों से निरूद्ध है। मुकदमें की पेशी पर उसे बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा में जेल से पन्ना (मध्य प्रदेश) ले जाया गया। एक उप निरीक्षक और चार कांस्टेबिल उसकी सुरक्षा में साथ में थे। अदालत में पेशी के दौरान ज्ञान की तबियत गड़बड़ा गई। उसने पुलिस कर्मियों से कहा कि वह अभी बांदा नहीं जाएगा। यही इलाज कराएगा। पन्ना में उसे अस्पताल में दिखाया गया। पुलिस कर्मियों ने बताया कि रात में कई बार ज्ञान सिंह उठकर पुलिस कर्मियों को देखता रहा। इससे उसकी नियत पर शक हुआ। सुरक्षा कर्मी उसे वहां से डिस्चार्ज कराकर शुक्रवार को बांदा ले आए और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसे हथकड़ी के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में रखा गया है। उल्टी-दस्त की शिकायत बताई गई है।