बदौसा/अतर्रा। मध्य प्रदेश के सीमावर्ती कोल्हुवां जंगल के गांवों में नवोदित दस्यु दल की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गिरोह में डकैतों की संख्या 12 से 18 बताई गई है। उधर, दस्यु दल की भनक मिलने पर क्षेत्राधिकारी समेत फतेहगंज थाना पुलिस व पीएसी ने जंगलों में कांबिंग की।
कालिंजर नरसंहार के अभियुक्त अनुराग मिश्र के पेशी से वापस लौटते समय फरार होने के बाद नया गिरोह बना लेने की चर्चा है। दिउली, महुई कुलसारी, कुर्मिन पुरवा और पथरा जंगल के आसपास डकैतों का गैंग को देखा गया है। ग्रामीणों के मुताबिक बदमाशों के पास राइफल और दोनाली व एकनाली बंदूक व पुलिस की थ्री-नाट थ्री भी देखी गई है। सभी बदमाशों की उम्र 25 से 35 वर्ष है। बृहस्पतिवार की शाम गोरेमऊ गांव के पास दस्यु दल की मध्य प्रदेश पुलिस से मुठभेड़ हो गई। घने जंगलों और पहाड़ों का फायदा उठाते हुए दस्यु दल उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर बच निकला।
उधर, बदमाशों की भनक मिलने पर फतेहगंज थाना पुलिस ने पीएसी के साथ तलाश में कोलहुवां जंगल में कांबिंग की। थानाध्यक्ष शिवमिलन सिंह यादव के नेतृत्व में गोबरी गुड़रामपुर, कारीडांडी, बघोलन आदि गांवों के लोगों को पुलिस ने सुरक्षा का भरोसा देते हुए बदमाशों की भनक मिलने पर उन्हें सूचना देने को कहा। पुलिस क्षेत्राधिकारी कृष्णचंद्र ने बताया कि उन्होंने बृहस्पतिवार की रात जंगलों में काबिंग की थी।