बलिया। नगर पालिका परिषद के कई मुहल्ले ऐसे हैं, जहां हैंडपंप और सप्लाई का पानी पेप्सी व फ्रूटी की तरह पीने को मिलता है। इसे लेकर नगरवासी अचरज में हैं। उनकी ओर से कई बार इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई, इसके बाद भी यह समस्या जस की तस बनी हुई है। मोहल्लेवासियों में इसे लेकर भारी आक्रोश है।
नगर पालिका परिषद के जगदीशपुर के बाशिंदे इन दिनों सप्लाई के पानी को देखकर आश्चर्य में पड़ गए हैं। नल से निकलने के बाद पानी का रंग पेप्सी की तरह दिख रहा है। इसको पीने से उसका स्वाद कड़वा लग रहा है। मुहल्लेवासियों के मुताबिक सप्लाई का पानी पानी योग्य नहीं रह गया है। जगदीशपुर के विजय शंकर सिंह ने बताया कि बीते 10 वर्षों से मेरे यहां सप्लाई का पानी आता है, लेकिन इन दिनों पानी का रंग अजीबो-गरीब आ रहा है। बताया कि सप्लाई का पानी पीने से बीमारियां भी हो रही हैं। सुरेश सिंह और विजय बहादुर सिंह का कहना है कि नपा प्रशासन को इसकी जानकारी है। इसके बाद भी इस दिशा में उनकी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। चमन सिंह बाग रोड निवासी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मेरे मुहल्ले में सप्लाई का पानी फ्रूटी के कलर का आ रहा है। बताया कि उस पानी का सेवन करने से मेरी मां व भाई की तबीयत खराब हो गई। जिनका इलाज सदर अस्पताल चल रहा है। बताया कि इस संबंध में नपा प्रशासन से लिखित शिकायत की गई।