बलिया (ब्यूरो)। नवागत पुलिस अधीक्षक ओंकारनाथ सिंह ने बुधवार की देर रात जिले के नगरा, उभाव, गड़वार व भीमपुरा थाने का निरीक्षण किया। साथ ही गड़वार में सिपाहियों के रहने की व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए इसी वित्तीय वर्ष में बैरक का निर्माण कराने की बात कही। इसके अलावा सभी थानाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक के इस निरीक्षण के बाद से विभिन्न थानाध्यक्षों में हड़कंप की स्थिति है।
जिले के नए पुलिस कप्तान ने मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव के फरमान को अमलीजामा पहनाने की मुहिम शुरू कर दी। बलिया में एसपी का चार्ज संभालने के बाद उन्होंने अब थानों के निरीक्षण कर थानाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश देना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ओंकारनाथ सिंह ने बुधवार की देर रात चार थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उभाव में थानाध्यक्ष उमेश पांडेय को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय एवं शौचालय का निरीक्षण कर आगे बढ़ गए। भीमपुरा में मेस और ड्यूटी पर तैनात मिले जवानों से बातचीत की। उन्होंने उनसे उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। क्षेत्र में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए एसओ रामजतन वरुण को सख्त निर्देश दिया। नगरा में थानाध्यक्ष लल्लू सिंह को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की बात कही। कार्यालय की मेज पर एसपी को धूल जमे मिले थे। साथ ही एसओ को क्षेत्र की निगरानी और सुरक्षा पर ध्यान देने की बात कही। गड़वार थाने पर पहुंचने के बाद वहां के बैरकों की दशा देखकर उन्होंने इसी वित्तीय वर्ष में उसका निर्माण कराने की बात कही। एसपी ओंकारनाथ सिंह ने बताया कि गड़वार थाने में जवानों की रहने की समस्या है, जिसका सामाधान शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने थानाध्यक्ष डीपी सिंह को सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने की बात कही। इसके पूर्व गड़वार थाने पर करीब 10 मिनट रुके एसपी ने बैरक, मेस, शौचालय, शस्त्रागार, कार्यालय आदि का निरीक्षण किया।