बलिया। सीबीएसई बोर्ड वर्ष 2011-12 की 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषणा के बाद जनपद के कांवेंट स्कूलों में बेहतर एवं सम्मानजनक अंकों से सफलता के बाद जहां खुद मेधावी खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं, वही उनके अभिभावक एवं संबंधित विद्यालयों के गुरुजनों में हर्ष की लहर है। उन्होंने प्रोत्साहन स्वरूप अपने मेधावी छात्रों को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया।
आज यहां 10वीं सीबीएसई बोर्ड का परिणाम घोषणा से कुछ पल पूर्व एवं परिणाम आने के बाद जहां साइबर कैफे पर छात्र-छात्राओं का हुजूम उमड़ पड़ा वहीं उनकी दिल की धड़कने कुछ पल के लिए मानों थम सी गई थीं। 10वीं की परीक्षा में नगर क्षेत्र के दिल्ली पब्लिक कांवेंट स्कूल के बच्चों का सराहनीय परिणाम सामने आया। इनमें प्रमुख रुप से अलाह खां ने 100 फीसदी अंकों के साथ सफलता अर्जित कर विद्यालय एवं परिजनों का नाम रोशन कर दिया। खुशी से अभिभूत अलाह ने बताया कि इसका पूरा श्रेय उसके परिजनों एवं सही मार्गदर्शन देने वाले गुरुजनों को जाता है। इसी विद्यालय के शिवम वर्मा ने 100 फीसदी अंक हासिल किया। उसने बताया कि वह भविष्य में अभियांत्रिकी क्षेत्र में जाकर देश की सेवा करना चाहता है। धर्मजीत सिंह ने 96 फीसदी अंक अर्जित कर सफलता का परचम लहराया। वह सिविल सर्विसेज में जाने का इच्छुक है। वहीं, गंगा सागर ने 96 फीसदी अंकों के साथ सफलता अर्जित की। अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होने का पूरा श्रेय उसने अपने गुरुजनों को देते हुए वरिष्ठ लोगों का आशीर्वाद बताया।
इसी विद्यालय के अंशु यादव ने 96 फीसदी अंकों के साथ अपना लोहा मनवाया। उसने बताया कि वह वैज्ञानिक बनकर देश की सेवा करते हुए एक नया आयाम स्थापित करेगा। अनिकेत ने 94 फीसदी अंक अर्जित करने के बाद सफलता का राज अभिभावकों के दिशा निर्देश एवं गुरुजनों का आशीर्वाद माना है। उसने बताया कि किसी भी क्षेत्र में कठिन परिश्रम करने वाले को अंतत: सम्मानजनक सफलता अर्जित होती है। आशुतोष ने 94 फीसदी अंकों के साथ सफलता हासिल की। वह आगे चलकर इंजीनियर बनना चाहता है। इसीक्रम में सेंट जेवियर्स स्कूल के मानव ने 100 फीसदी अंकों के साथ सभी विषयों में अपनी अव्वलता साबित की है। वह भविष्य में चिकित्सक बनकर समाज एवं देश की सेवा करना चाहता है।