मनियर। स्थानीय थाना क्षेत्र के रामपुर में वर्षों से चल रहे कब्रिस्तान एवं ईदगाह का विवाद रविवार को खत्म हो गया। इसमें ग्राम प्रधान और अन्य विशिष्ट लोगों की भूमिका सराहनीय रही। रामपुर के इस कब्रिस्तान को लेकर चल रहे विवाद से अंसारी बंधुओं में दहशत का माहौल था। बीते एक दशक से चले आ रहे विवाद के खत्म होने के बाद अंसारी बंधुओं में प्रसन्नता की लहर है।
क्षेत्र के रामपुर में कब्रिस्तान व ईदगाह का विवाद अब खत्म हो गया है। गांव के ही कुछ लोगों का कहना था कि ईदगाह व कब्रिस्तान की जमीन में उनका हिस्सा है, जबकि अंसारी बंधु इसे कब्रिस्तान एवं ईदगाह की जमीन बता रहे थे। दोनों पक्षों के सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में आपसी समझौते के बाद विवाद खत्म हो गया। मौके पर क्षेत्रीय लेखपाल नंदकुमार सिंह ने नापी के बाद चिह्न लगाकर पत्थर गड़वा दिया। विवाद खत्म होेने के बाद दोनों पक्ष संतुष्ट हैं। विवाद को सुलझाने के लिए वरिष्ठ सपा नेता सलाहुद्दीन ऊर्फ पप्पू, पूर्व प्रधान वृंदा सिंह, प्रधान शैलेश सिंह, मनोज कुमार सिंह, शेख अनवर, बुधनाथ सिंह, मान सिंह, सरफराज ऊर्फ तुफानी, सूर्यदेव सिंह, पृथ्वीनाथ सिंह, क्यूम अंसारी, शेख जिलानी, हाजी इसराईल, हाजी आलमगीर, अली अकबर शाह, सलीम अंसारी आदि मौजूद रहे।