आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के नैनीजोर गांव के सीवान में शनिवार की सुबह बेरहमी से हत्या कर फेंकी महिला का लाश मिलने से सनसनी फैल गई। लगभग 30 वर्षीया अज्ञात महिला का गला रेतने के बाद हत्यारों ने चाकुओं से शरीर गोद डाला था। शरीर पर चाकू के कई जगह निशान पाए गए। सूचना मिलने पर लगभग दो घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन पहचान नहीं हो पाई। अंतत: अज्ञात शव के रूप में पोस्ट मार्टम के लिए रवाना कर दिया।
रौनापार थाना क्षेत्र के नैनीजोर गांव में बृजराज सिंह की छावनी के पास गुलाब सिंह के खेत में शनिवार की सुबह महिलाएं घास करने के लिए गईं थीं। यहीं पर झाडि़यों के बीच क्षतविक्षत महिला की लाश देख उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीणों के अनुसार मृतका के शरीर पर कढ़ाई दार लाल रंग का सूट-सलवार था। उसका चप्पल बगल में गिरा पड़ा था और थोड़ी दूर पर पेप्सी की खाली बोतल थी। मृतका के गले को चाकू से रेता गया था और शरीर पर जगह-जगह चाकू से वार किए जाने के निशान थे। अनुमान है कि हत्यारों ने पहले चाकू से कई बार वार किया होगा। इस पर भी मौत न होने पर गला रेत कर मौत के घाट उतार दिया होगा। घटना की सूचना मिलने पर लगभग दो घंटे बाद रौनापार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। उमड़ी भीड़ को हटा कर घटना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों से शव की शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने पहचाने से इंकार कर दिया। रौनापार थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका की अन्यत्र चाकू से हत्या कर शव को यहां फेक दिया गया। बहरहाल शिनाख्त न होने पर अज्ञात शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।