ठेकमा। पति से विवाद होने से नाराज एक महिला ने अबोध बच्चे के साथ शुक्रवार को भार में कुएं में छलांग लगा ली। महिला को कुएं में कूदने की सूचना मिलते ही परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। काफी प्रयास कर महिला और बच्चे को बाहर निकाला मगर बच्चे की मौत हो चुकी थी। बताया जाता है कि मृत पुत्र एकलौता था। अबोध की मौत से उसके घर में कोहराम तो गांव में सन्नाटा पसरा है। घटना गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बेलऊ गांव की है।
जानकारी के मुताबिक गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बेलऊ गांव निवासी सोनू दुबई में रहता है। आठ जून को बहन की शादी होने की वजह से वह घर आया था। बहन की शादी में देने के लिए गुरुवार को वह बाइक सहित अन्य सामानों की खरीददारी करके घर आया। रात में पत्नी लक्ष्मीना (28) और उसके पति के साथ विवाद हुआ था। पति द्वारा बहन की शादी में पैसा खर्च करने का विरोध था। पति और पत्नी के बीच विवाद इस कदर बढ़ गया कि गुरुवार की भोर में लक्ष्मीना अपने पांच वर्षीय बेटे जितनू के साथ घर के पास स्थित कुएं में छलांग लगा दी। इस बात की जानकारी होने पर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से लक्ष्मीना को कुएं से सही सलामत बाहर निकाल लिया गया। जबकि बेटे जितनू की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बताते चलें कि मृत पुत्र जितनू सोनू और लक्ष्मीना का इकलौता संतान था।