आजमगढ़,मेजवां। नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन के दूसरे दिन शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर दो पूर्व अध्यक्षों ने लाव लश्कर के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। फूलपुर से पूर्व अध्यक्ष शिवप्रसाद जायसवाल और अजमतगढ़ से पूर्व अध्यक्ष नीतू जायसवाल ने पर्चा भरा।
जिले की दो नगर पालिका आजमगढ़ नगर पालिका और मुबारकपुर नगर पालिका के साथ ही जीयनपुर, अजमतगढ़, बिलरियागंज, महराज गंज, अतरौलिया, निजामाबाद, सरायमीर, फूलपुर, मेहनगर, लालगंज नगर पंचायतों के अध्यक्ष और सदस्य पदों पर नामांकन के दूसरे दिन सदर, सगड़ी, फूलपुर, बूढ़नपुर, निजामाबाद, लालगंज, मेहनगर तहसील मुख्यालय पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस दौरान फूलपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष शिवप्रसाद जायसवाल नामांकन करने पहुंचे। जबकि चंद्रावती ने अध्यक्ष पद पर परर्चा खरीदा। दूसरी तरफ अजमतगढ़ नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष नीतू जायसवाल ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान फूलपुर और सगड़ी तहसील मुख्यालय पर गहमागहमी रही। आजमगढ़, मुबारकपुर नगर पालिका सहित आठ नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों के लिए एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए गए। हालांकि आजमगढ़ नगर पालिका के सदस्य पद पर दो, अतरौलिया नगर पंचायत ,बिलरियागंज नगर पंचायत से एक-एक ने नामांकन पत्र दाखिल किया।